pub-6060657613211314
हि‍मशिक्षा शैक्षिक समाचारों/ सूचनाओं और विचार विमर्श का स्‍वैच्छिक, गैर सरकारी और अव्‍यवसायिक मंच। आप शैक्षिक लेख शिक्षा से जुड़ी जानकारी और अपनी पाठशाला की गतिविधियों की जानकारी इस मंच पर सांझा कर सकते है। हिमशिक्षा के लिए शैक्षिक गतिविधियों को प्रेषित करें। आप भी इस मंच को सहयोग दे सकते है आप सम्‍पर्क करें हिमशिक्षा की जानकारी आप मेल से अपने मित्रों को दें सकते है आपका ये कदम हमें प्रोत्‍साहित करेगा Email this page

पायल बनेगी एनरोलमेंट एंबेसेडर

शिक्षा के मंदिरों से दूर नौनिहालों को शिक्षा की मुख्य धारा से जोड़ने की मुहिम में कसाकड़ा मिडल स्कूल की पायल हिमाचल में एनरोलमेंट की ब्रांड एंबेसेडर बनेगी। हाल ही में शिमला में संपन्न हुई प्रारंभिक शिक्षा विभाग और सर्वशिक्षा अभियान के अधिकारियों की बैठक में पायल की सफलता की गूंज रही। चंबा की नन्ही परी के प्रयासों की विभाग और एसएसए के उच्चाधिकारियों ने बैठक के दौरान जमकर तारीफ  की और उसे एनरोलमेंट की ब्रांड एंबेसेडर के रूप में पेश करने का निर्णय लिया गया है। बहरहाल सातवीं कक्षा की छात्रा पायल की मुहिम की धमक सरकार तक पहुंच गई है। जानकारी के अनुसार गुरुवार को शिमला में प्रारंभिक शिक्षा विभाग के समस्त उपनिदेशकों के साथ-साथ एसएसए के परियोजना अधिकारियों की बैठक में प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक जिला चंबा सुशील पुंडीर ने पायल की उपलब्धि को उच्चाधिकारियों के समक्ष रखा। जिस पर विभाग और एसएसए के परियोजना निदेशक समेत समस्त जिला के अधिकारियों ने पायल की जमकर तारीफ  की और सबने पायल को हिमाचल में एनरोलमेंट की ब्रांड एंबेसेडर के रूप में पेश करने का ऐलान किया। प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक जिला चंबा सुशील पुंडीर ने खबर की पुष्टि करते हुए बताया कि उच्चाधिकारियों के समक्ष पायल को राज्य स्तरीय सम्मान देने की सिफारिश भी की गई है। उन्होंने बताया कि जिला स्तर पर प्रारंभिक शिक्षा विभाग ने पायल को स्कूल में जाकर सम्मानित करने का निर्णय लिया है। उधर, सर्वशिक्षा अभियान के जिला परियोजना अधिकारी जितेंद्र कुमार ने बताया कि राज्य परियोजना निदेशक ने पायल से संबंधित ब्यौरा जुटाकर रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए हैं। जल्द ही जिला कार्यालय इस संबंध में रिपोर्ट तैयार कर राज्य परियोजना कार्यालय को भेज देगा। उल्लेखनीय है कि पायल ने बीच में पढ़ाई छोड़ चुके दस नौनिहालों को शिक्षा के प्रति प्रेरित किया और इन बच्चों ने अब स्कूल में भी प्रवेश ले लिया है

स्तरीय शिक्षा से होगा भारत निर्माण -- मदन हिमाचली

गुरु-शिष्य परंपरा का इतिहास सदियों पुराना है। हमारी शिक्षा प्रणाली का शुभारंभ गुरुकुलों से आरंभ हुआ था। जहां बेहतर माहौल में रहते हुए श्रेष्ठ आचरण का पालन करते हुए विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण करते थे और श्रेष्ठ संस्कारों से सुसज्जित होकर समाज में जाते था, जिससे श्रेष्ठ समाज एवं सुसंस्कृत समाज का निर्माण होता था। तत्कालीन सामाजिक व्यवस्था एवं शैक्षणिक प्रणाली पर यदि नजर दौड़ाएं तो ज्ञात होता है कि शिक्षा के साथ-साथ संस्कार भी गुरु के पास थे, लेकिन शैक्षणिक यात्रा के वर्तमान दौर तक पहुंचते-पहुंचते भारतीय शिक्षा पद्धति छिन्न-भिन्न हो गई है। शिक्षा शैक्षणिक संस्थाओं में सिमट गई है और संस्कार परिवार और सामाजिक परिवेश में आ गए हैं, जहां अनेक सामाजिक विषमताओं एवं कुरीतियों से आज के विद्यार्थियों को जूझना पड़ रहा है। प्राचीनकाल में  श्रेष्ठ संस्कारों से युक्त शिक्षाविदों की आज भी पूजा होती है। स्वयं 11 कलाओं के अवतार श्रीराम एवं संपूर्ण 16 कलाओं के अवतार योगेश्वर श्रीकृष्ण ने भी गुरुकुल में शिक्षा प्राप्त की थी और गुरुकुलों में शिक्षित विद्यार्थी 14 विद्याओं का ज्ञान लेकर समाज में लौटता था, जिसमें विश्व का बाह्य आध्यात्म ज्ञान ही नहीं अपितु दिव्य ज्ञान, दिव्यास्त्र शस्त्र ज्ञान भी समाहित था। आज एक शिक्षक के पास छह घंटे में 35 मिनट विद्यार्थी रहता है और शिक्षक के पास उस वक्त भी विद्यार्थियों को पढ़ाने का समय नहीं होता। शिक्षक विद्यार्थियों को शिक्षा प्रदान करने के बजाय सरकार द्वारा सौंपे गए जनगणना एवं मतदाता सूची बनाने आदि के काम में ही व्यस्त रहता है। वर्ष भर की गतिविधियों पर नजर डालें तो ज्ञात होता है कि किसी भी तरह के सरकारी कार्य में, शिक्षकों की भागीदारी अधिक रहती है। जनगणना के कार्य से लेकर, मतदाता सूचियों को बनाने का जिम्मा शिक्षकों को ही सौंपा जाता है। पंचायत चुनाव, लोकसभा, विधानसभा चुनाव सभी चुनावों में मतदाता सूची से संबंधित कार्य शिक्षकों को ही सौंपा जाता है। सरकारी विद्यालयों के शिक्षकों से सरकार विद्यार्थियों को शिक्षा दिलाने के अलावा अन्य सभी कार्य करवाती है। सरकारी शिक्षकों की अन्य कार्यों में व्यस्तता के कारण शिक्षा के स्तर में गिरावट आई है। यही कारण है कि अधिकतर अभिभावक अपने बच्चों को निजी स्कूलों में शिक्षा दिलाना चाहते हैं। शिक्षा के नाम पर निजी स्कूल रूपी दुकानों में ही जागरूक माता-पिता भारी फीस देकर दाखिला करवा रहे हैं। सरकारी क्षेत्र के विद्यालयों में ग्रामीण बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दी जाए, सरकार ने इस आरे कभी ध्यान ही नहीं दिया है। आंकडे़ इस तथ्य के गवाह हैं कि अधिकांश शैक्षणिक संस्थाएं शिक्षकों के अभाव से जूझ रही हैं। कम वेतन पर पीटीए, विद्या उपासक जैसे शिक्षक काम कर रहे हैं, जिन्हें औपचारिकता मात्र माना जा सकता है। ऐसी स्थिति में शैक्षणिक गुणवत्ता किस कसौटी पर खरी उतर सकती है। अब जबकि हिमाचल प्रदेश में चुनाव संपन्न हुए हैं, और 20 दिसंबर को भावी सरकार कौन बनाएगा यह निर्णय भी हो जाएगा।  ऐसे में आगामी सरकार को यदि शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार लाना है, तो सर्वप्रथम सभी शैक्षणिक संस्थाओं में रिक्त पदों को भरा जाना चाहिएऔर शिक्षकों को केवल शैक्षणिक कार्य करने देना चाहिए। उन्हें कठपुतली बनाकर अन्य कार्यों से मुक्त रखना होगा और विद्यालयों जो फिजूल के कार्य शिक्षकों पर लाद दिए हैं, जैसे एमडीएम या आंकड़े जोड़ना, इनके लिए अतिरिक्त लिपिक का प्रावधान किया जाना चाहिए। शैक्षणिक संस्थाओं को अत्याधुनिक शिक्षा प्रणाली से जोड़ते हुए, शिक्षकों को राजनीतिक प्रताड़ना से मुक्त रखना होगा। इतना ही नहीं, शैक्षणिक गुणवत्ता सुधारने के लिए तथा शैक्षणिक माहौल बेहतर बनाने के लिए शिक्षकों, प्रधानाचार्यों, मुख्याध्यापकों को पर्याप्त अधिकार दिए जाने चाहिए। शैक्षणिक संस्थाओं में शिक्षा संबंधी सभी मूलभुत सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएं तथा केवल पास होने की औपचारिक शिक्षा प्रणाली से आगे बढ़ते हुए स्तरीय शिक्षा प्रदान करने के प्रयास किए जाने चाहिए। वर्तमान शिक्षा व्यवस्था ने शिक्षा का प्रसार तो किया है, लेकिन स्तरीय शिक्षा के मसले पर कोई प्रगति नहीं हो पाई है। भारत निर्माण का नारा बुलंद करने वाली सरकारों को यह ध्यान देना होगा कि शिक्षा व्यवस्था नारों तक ही सीमित न रहे बल्कि उसकी गुणवत्ता में भी सुधार हो सके। तभी भारत के भविष्य निर्माण के लिए हमें उपयुक्त मानव संसाधन उपलब्ध हो पाएगा।